बेगूसराय। बेगूसराय पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बछवाड़ा थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 185 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो बाइक बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, बछवाड़ा थाना पुलिस की टीम मुरली टोल चमथा तीन मुहानी के पास सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 185 ग्राम स्मैक बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया है, जिसका उपयोग स्मैक को छोटी-छोटी पुड़िया में तौलकर बेचने के लिए किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी-3 निवासी आशुतोष कुमार और रतनपुर निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक **** ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।