बक्सर में सड़क हादसे में ITBP जवान की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान
बक्सर के डुमरांव में गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में आईटीबीपी (ITBP) के जवान धनजी यादव की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा खलवा इनार के समीप हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
मृतक धनजी यादव कोरानसराय थाना क्षेत्र के नाजीरगंज गांव के निवासी थे और आईटीबीपी में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, वे डुमरांव स्थित अपने डेरा से कुछ सामान लेकर गांव गए थे।
देर रात बाइक से वापस लौटने के दौरान खलवा इनार के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है, जिसके कारण टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही डुमरांव पुलिस, कोरानसराय थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से धनजी यादव की क्षतिग्रस्त बाइक बरामद की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पत्नी और तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने धनजी यादव के परिवार को पूरी तरह झकझोर दिया है। परिवार में उनकी पत्नी अंजू देवी और तीन छोटे बच्चे हैं।
इनमें बड़ी बेटी मानसी (7 वर्ष), बेटा अंकुश कुमार (6 वर्ष) और सबसे छोटी बेटी प्रिया (5 वर्ष) शामिल हैं। तीनों बच्चे डुमरांव के एक निजी विद्यालय में पढ़ते हैं।
मृतक के पिता राजेंद्र सिंह किसान हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस जांच जारी
कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। गांव के लोगों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।