मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। बिहार में शराब तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। महज 1500 रुपये देकर एक महिला को पत्नी बनाया गया और फिर पति-पत्नी बनकर कार से शराब की खेप ढोई जाने लगी।
पहली नजर में देखने वालों को लगा कि कोई सामान्य दंपती सफर कर रहा है, लेकिन कोटवा के पास उत्पाद विभाग की नजर पड़ते ही पूरा घरेलू ड्रामा सामने आ गया। कार की तलाशी में शराब बरामद हुई और नकली पति-पत्नी का यह तस्करी वाला गठजोड़ पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को कोटवा के पास कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब ले जा रही कार को जब्त कर लिया और उसमें से 50 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।
शिवेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक कार में शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कार सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार तीनों लोग खुद को पति-पत्नी और पुत्र बता रहे थे। हालांकि पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों फर्जी तरीके से परिवार बनकर शराब के अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे।
गिरफ्तार लोगों में विजय पासवान, कविता देवी और एक किशोर शामिल है। पुलिस के अनुसार, महिला को 1500 रुपये देकर पत्नी की भूमिका निभाने के लिए साथ रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो।
छापेमारी टीम में रमेश कुमार और सतेन्द्र सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आगे भी छापेमारी जारी है।