मधेपुरा में क्लासरूम में सोती दिखीं शिक्षिका, VIDEO वायरल होने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीनियां में कक्षा के दौरान एक शिक्षिका के सोने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मामला चौसा पूर्वी पंचायत के लक्ष्मीनियां टोला वार्ड संख्या-14 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय का है। ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने देखा कि कक्षा में बच्चे मौजूद थे, जबकि शिक्षिका अनिता कुमारी कुर्सी पर बैठी हुई नींद ले रही थीं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चे कक्षा में शांत बैठे हैं और शिक्षिका कुर्सी पर आराम करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि बच्चे उनसे पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछना चाहते थे, लेकिन डर के कारण चुपचाप बैठे रहे।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था लगातार लापरवाही का शिकार हो रही है। जिन शिक्षकों पर बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की जिम्मेदारी है, वे ही कक्षा में लापरवाही बरत रहे हैं।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर संबंधित शिक्षिका पर कार्रवाई की मांग की है।