Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा में फिर बिगड़ी बच्चों की तबीयत: मिड-डे मील खाने के बाद एक दर्जन छात्र बीमार, भोजन में सांप का हिस्सा मिलने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 8, 2026

SAHARSA:सहरसा में फिर बिगड़ी बच्चों की तबीयत: मिड-डे मील खाने के बाद एक दर्जन छात्र बीमार, भोजन में सांप का हिस्सा मिलने का आरोप

सहरसा में फिर बिगड़ी बच्चों की तबीयत: मिड-डे मील खाने के बाद एक दर्जन छात्र बीमार, भोजन में सांप का हिस्सा मिलने का आरोप

सहरसा: (कोशी लाइव की रिपोर्ट) सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र स्थित सहुरिया पंचायत के कन्या मध्य विद्यालय मुरचा में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में शिक्षकों और अभिभावकों की मदद से सभी बच्चों को सौरबाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


भोजन में सांप का कांटा मिलने का आरोप

बीमार बच्चों और उनके अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि मिड-डे मील में जहरीले सांप का कांटा और उसके शरीर का कुछ हिस्सा मिला था। बच्चों का कहना है कि खाना खाने के दौरान उनकी थाली में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसके बाद कई छात्रों की तबीयत बिगड़ने लगी।

हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

एक दिन पहले बलुआहा स्कूल में भी हुआ था ऐसा मामला

गौरतलब है कि गुरुवार को भी सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बलुआहा में मिड-डे मील खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। उस दौरान भी बच्चों ने उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत की थी। करीब दो दर्जन से अधिक बच्चों को महिषी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों और अभिभावकों का आरोप था कि भोजन में किसी मृत जीव या सांप के बच्चे जैसी संदिग्ध चीज दिखाई दी थी। घटना के बाद स्कूल परिसर में भारी हंगामा हुआ और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

भोजन आपूर्ति व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

जानकारी के अनुसार बलुआहा स्कूल में मिड-डे मील की आपूर्ति एक एनजीओ के माध्यम से की जाती है, जो पहले से तैयार भोजन उपलब्ध कराता है। लगातार दो दिनों में सामने आई ऐसी घटनाओं के बाद भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के भोजन में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने भोजन सप्लाई करने वाली एजेंसी की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जांच और कार्रवाई की मांग तेज

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है। लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, भोजन के नमूनों की लैब जांच और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन ने बताया कि भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।