Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:दंपती लूटकांड का खुलासा: तीन बदमाश समेत जेवर खरीदने वाला दुकानदार गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 24, 2026

SAHARSA:दंपती लूटकांड का खुलासा: तीन बदमाश समेत जेवर खरीदने वाला दुकानदार गिरफ्तार

सहरसा में दंपती लूटकांड का खुलासा: तीन बदमाश समेत जेवर खरीदने वाला दुकानदार गिरफ्तार
सहरसा/सोनवर्षाराज. थाना पुलिस ने शाहपुर गांव के समीप 10 मई को बाइक सवार दंपती से हुई लूट की घटना का उद्भेदन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन बदमाशों के साथ लूट के जेवर खरीदने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट के जेवरात, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
थानाध्यक्ष नागमणि कुमार ने बताया कि मामले की जांच के दौरान शाहपुर गांव निवासी शशिकांत यादव के पुत्र लालू कुमार उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुआ। लालू की निशानदेही पर बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 निवासी विनोद मेहता के पुत्र रवीश कुमार तथा इटहरा निवासी सुरेशचंद्र यादव के पुत्र आलोक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने बैजनाथपुर स्थित मां वैष्णवी ज्वेलर्स में छापेमारी कर राजेश कुमार साह के पुत्र रोहित Kumar को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से लूट के जेवरात भी बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि 10 मई को सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नैनपुर गांव निवासी रूपेश कुमार रमन अपनी पत्नी विनीता कुमारी और पुत्र कार्तिक कुमार के साथ बाइक से मधेपुरा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहपुर गांव स्थित मील के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पहने हुए सोने के जेवरात, ढाई हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन तथा अन्य जरूरी कागजात लूट लिए थे।
घटना के बाद पीड़ित के आवेदन पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।