सहरसा में शादी समारोह के दौरान महिला से दुष्कर्म की कोशिश, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर की पिटाई
सहरसा। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटुआहा गांव में एक शादी समारोह के दौरान आई 45 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया।
सुबह 4:30 बजे वारदात को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, 1 मई 2026 को महिषी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता अपने चचेरे भतीजे की शादी में शामिल होने पटुआहा गांव आई थीं। शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे जब वह अकेली थीं, तभी कपसिया (थाना पतरघट) निवासी सिपु सिंह ने उन्हें जबरन खेत की ओर खींच लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया।
विरोध करने पर मारपीट और लूटपाट
पीड़िता के बयान के अनुसार, आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और जमीन पर पटक दिया। इस दौरान उसने महिला के गले से सोने का लॉकेट और नाक की नथुनी भी छीन ली। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर की पिटाई
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ती देख कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर आरोपी को एक कमरे में बंद कर दिया और ‘डायल 112’ व पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने भीड़ से बचाकर आरोपी को थाने पहुंचाया
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान भीड़ फिर उग्र हो गई और आरोपी पर ईंट-पत्थर से हमला करने लगी। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को सुरक्षित निकालकर सदर थाने पहुंचाया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा एक व्यक्ति को पकड़कर रखने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।