पूर्णिया जीएमसीएच में हाई-वोल्टेज ड्रामा: हथकड़ी सहित भागा मोबाइल चोर, पुलिस ने दौड़ाकर दबोचा
पूर्णिया से रिपोर्ट:
पूर्णिया जीएमसीएच परिसर में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस की गिरफ्त में एक मोबाइल चोरी का आरोपी अचानक चकमा देकर भागने लगा। हालांकि, पुलिस की तत्परता के चलते आरोपी ज्यादा दूर नहीं जा सका और जवानों ने खदेड़कर उसे दोबारा पकड़ लिया।
मेडिकल जांच के दौरान दिया चकमा
मिली जानकारी के अनुसार, जलालगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। नियमानुसार जेल भेजने से पहले आरोपियों का मेडिकल चेकअप कराने के लिए पुलिस टीम उन्हें पूर्णिया जीएमसीएच लाई थी। इसी दौरान इमरजेंसी वार्ड में कागजी प्रक्रिया चल रही थी, तभी एक आरोपी ने मौका पाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दे दिया।
हथकड़ी सहित भागने से मची अफरा-तफरी
बताया गया कि आरोपी हथकड़ी सहित ही तेजी से अस्पताल परिसर से भागने लगा। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया।
“पकड़ो-पकड़ो” की गूंज, पुलिस ने दिखाया दम
आरोपी को भागते देख ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और “पकड़ो-पकड़ो” की आवाज लगाते हुए उसके पीछे दौड़ पड़े। अस्पताल परिसर में कुछ दूरी तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने आरोपी को घेरकर फिर से हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद जुटी भीड़
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मरीजों के परिजन, डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी बड़ी संख्या में जमा हो गए। पुलिस ने आरोपी को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।