मधेपुरा जिले के कुमारखंड-चकमका मार्ग पर शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक संदिग्ध चार पहिया वाहन लावारिस हालत में खड़ी मिली। बिना नंबर प्लेट की कार को देखकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और किसी अनहोनी की आशंका से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात मधुबनी चौक से पश्चिम स्थित पुलिया के पास चालक वाहन खड़ा कर फरार हो गया। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब सड़क किनारे खड़ी संदिग्ध कार पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कृष्ण कुमार को दी।
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने स्थानीय चौकीदार संतोष कुमार से मामले की जानकारी ली और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाना लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई है, जिससे मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर वाहन मालिक और चालक के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि लावारिस हालत में मिली कार की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।