दो लोगों के अपहरण कर मांगी गई थी फिरौती, पहले ही दो अपराधी जा चुके हैं जेल
Madhepura पुलिस ने फिरौती के लिए दो व्यक्तियों के अपहरण मामले में फरार चल रहे आरोपी शिवम राज उर्फ दारा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी 19 मई 2026 को की गई। इस मामले में पुलिस पहले ही दो अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जानकारी के अनुसार 9 मई 2026 को भर्राही थाना क्षेत्र के मदनपुर वार्ड संख्या-13 निवासी रामदत्त मेहता ने सदर थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनका पुत्र मनोहर कुमार और दामाद करण कुमार मधेपुरा मेडिकल कॉलेज से दवा और रिपोर्ट लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कॉलेज चौक के पास दोनों का अपहरण कर लिया गया। अपहृतों के मोबाइल से परिजनों से फिरौती की मांग की जा रही थी।
आवेदन के आधार पर सदर थाना कांड संख्या-521/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
सिटी कार्ट मॉल के पास पुलिस ने रची थी घेराबंदी
तकनीकी साक्ष्य और सूचना के आधार पर पुलिस टीम फिरौती की रकम पहुंचाने वाले स्थान पर सादे लिबास में पहुंची और घेराबंदी कर दी। इसी दौरान एक आरोपी अपहृत करण कुमार को लेकर कॉलेज चौक स्थित सिटी कार्ट मॉल के पास फिरौती लेने पहुंचा, जहां पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी ज्योतिष कुमार को गिरफ्तार कर लिया और करण कुमार को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर दूसरे अपहृत मनोहर कुमार को किरण पब्लिक स्कूल के पास एक चाय दुकान से बरामद किया गया। इस दौरान मामले में शामिल सोनू कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
फरार चल रहा था शिवम उर्फ दारा
घटना में शामिल आरोपी शिवम राज उर्फ दारा लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। आखिरकार 19 मई को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम राज उर्फ दारा, पिता विनोद कुमार यादव, निवासी साहुगढ़ दिवानी टोला वार्ड संख्या-13, थाना एवं जिला मधेपुरा के रूप में हुई है।
शिवम उर्फ दारा का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार शिवम उर्फ दारा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कन्हैया कुमार, सशस्त्र बल एवं तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
मधेपुरा पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।