मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय से सामान छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला वर्ष 2024 का है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छीने गए सामान और घटना में प्रयुक्त बाइक को बरामद कर लिया था।
पुलिस ने मामले में बैहरी वार्ड संख्या-10 निवासी सचिन कुमार यादव और बुढ़ावे वार्ड संख्या-15 निवासी अमरकांत कुमार चौहान को गिरफ्तार किया है।
फ्लिपकार्ट डिलीवरी के दौरान हुई थी वारदात
जानकारी के अनुसार, कटैया निवासी मनीष कुमार ने थाना में आवेदन देकर बताया था कि वह फ्लिपकार्ट सिंहेश्वर सेंटर से बैहरी की ओर डिलीवरी देने जा रहे थे। इसी दौरान सिंहेश्वर-पिपरा रोड स्थित ईंट भट्ठा के पास दो युवक उनकी बाइक के पीछे रखे डिलीवरी सामान को लेकर भागने लगे।
पीड़ित ने तुरंत बाइक से आरोपियों का पीछा करते हुए शोर मचाया। उसी समय इलाके में गश्ती कर रही पुलिस टीम को आवाज सुनाई दी और पुलिस अपराधियों के पीछे दौड़ी।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागे थे आरोपी
पुलिस के पहुंचने पर आरोपी प्लांट की ओर भाग निकले। हालांकि जल्दबाजी में वे बाइक और छीना गया सामान छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए थे।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।