Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:स्कूल में शर्मनाक हरकत का आरोप: छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में पेशाब मिलाकर पिलाने का मामला, हेडमास्टर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 19, 2026

BIHAR:स्कूल में शर्मनाक हरकत का आरोप: छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में पेशाब मिलाकर पिलाने का मामला, हेडमास्टर गिरफ्तार

पूर्णिया के स्कूल में शर्मनाक हरकत का आरोप: छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में पेशाब मिलाकर पिलाने का मामला, हेडमास्टर गिरफ्तार
पूर्णिया जिले के श्रीनगर प्रखंड स्थित सिंधिया पंचायत के कन्या मध्य विद्यालय सिंधिया में एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक 7 वर्षीय छात्रा को कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में पेशाब मिलाकर पिलाने का आरोप स्कूल के प्रधानाध्यापक पर लगा है। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने आरोपित प्रधानाध्यापक नंदकिशोर राय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घर पहुंचते ही रोने लगी बच्ची
जानकारी के अनुसार, कक्षा एक में पढ़ने वाली छात्रा सोमवार को स्कूल से घर लौटी तो काफी डरी-सहमी थी। बच्ची ने रोते हुए अपनी मां को बताया कि स्कूल के हेडमास्टर ने उसे एक बोतल देते हुए कहा कि “यह ठंडा है, पीकर देखो” और फिर जबरन एक ढक्कन पिला दिया। बच्ची ने बताया कि उसे पीने के बाद से जी मिचला रहा था।
परिजनों के मुताबिक जब उन्होंने बोतल को देखा तो उसमें से पेशाब जैसी दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद बच्ची की मां और अन्य परिजन स्कूल पहुंचे और प्रधानाध्यापक से पूछताछ की।
परिजनों से गाली-गलौज का आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने प्रधानाध्यापक से घटना को लेकर सवाल किया तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए सभी को वहां से भगा दिया। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया।
मंगलवार को मामला बढ़ने पर बिहार पुलिस की चंपानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपित प्रधानाध्यापक नंदकिशोर राय को हिरासत में ले लिया।
प्राथमिकी दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
चंपानगर थानाध्यक्ष अनुपम राज ने बताया कि पीड़िता की मां के फर्द बयान पर चंपानगर थाना कांड संख्या 69/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद तरल पदार्थ को जांच के लिए सुरक्षित रखा है और उसकी फॉरेंसिक जांच करायी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपित प्रधानाध्यापक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
आरोपों को प्रधानाध्यापक ने बताया बेबुनियाद
वहीं गिरफ्तार प्रधानाध्यापक नंदकिशोर राय ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने पूरे मामले को बेबुनियाद और साजिश बताया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।