जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान भागलपुर के जवान का निधन
कहलगांव के बरैनी गांव में पसरा मातम, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
प्रतिनिधि की रिपोर्ट :
भागलपुर जिले के ग्राम पंचायत सियां अंतर्गत बरैनी गांव निवासी विनय कुमार के इकलौते पुत्र शिव शंकर कुमार का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। जवान के निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय शिव शंकर कुमार की नियुक्ति तीन वर्ष पूर्व के मेडिकल विभाग में हुई थी। वर्तमान में वे जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनात होकर देश सेवा कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान अचानक ऑक्सीजन की कमी होने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
शिव शंकर कुमार अपने पिता के इकलौते पुत्र थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि शिव शंकर बचपन से ही मेधावी, शांत स्वभाव और मिलनसार युवक थे। उनमें बचपन से ही देश सेवा का जज्बा था, जिसके चलते उन्होंने सेना में भर्ती होकर देश की सेवा का सपना पूरा किया।
जानकारी के अनुसार, शहीद जवान का पार्थिव शरीर देर शाम तक पटना पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद बुधवार सुबह तक उनके पैतृक गांव बरैनी लाया जाएगा। जवान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की है।