1. बक्सर में शादी के आठ दिन बाद नवविवाहिता घर से लापता।
2. पति ने प्रेमी पर पत्नी को भगाने और जेवर-नगदी ले जाने का लगाया आरोप।
3. मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज आठ दिन बाद ही एक नवविवाहिता के अचानक घर से गायब हो जाने से ससुराल पक्ष में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर पति ने पत्नी के कथित प्रेमी पर उसे भगा ले जाने और घर से नगदी व जेवरात लेकर फरार होने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, चौसा नगर पंचायत के नरबतपुर निवासी मिथिलेश कुमार यादव की शादी 8 मई को भोजपुर जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्छु टोला निवासी सोनी कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति बदल गई और घर में तनाव का माहौल बन गया।
दूसरे युवक से फोन पर बात करने का आरोप
परिवार वालों का आरोप है कि नवविवाहिता मोबाइल पर किसी दूसरे युवक से लगातार बातचीत करती थी। परिजनों को आशंका है कि वही युवक शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ भगा ले गया।
जब काफी खोजबीन के बाद भी महिला का कोई पता नहीं चला, तब पीड़ित पति मिथिलेश कुमार यादव ने मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी घर से नगदी और जेवरात भी साथ लेकर गई है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर मुफस्सिल थाना अध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में नवविवाहिता के प्रेमी के साथ भागने की बात सामने आ रही है। पुलिस महिला की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।