Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR CRIME:प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश: शादीशुदा प्रेमिका ने पति-देवर संग मिलकर कराई ट्रक ड्राइवर की हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 20, 2026

BIHAR CRIME:प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश: शादीशुदा प्रेमिका ने पति-देवर संग मिलकर कराई ट्रक ड्राइवर की हत्या

भागलपुर में प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश: शादीशुदा प्रेमिका ने पति-देवर संग मिलकर कराई ट्रक ड्राइवर की हत्या
भागलपुर के नवगछिया में अवैध प्रेम संबंध एक सनसनीखेज हत्या की वजह बन गया। यहां एक शादीशुदा महिला ने अपने प्रेमी, जो तीन बच्चों का पिता था, को मिलने के लिए बुलाया और फिर पति व देवर के साथ मिलकर उसकी हत्या करा दी। पुलिस ने इस हाई प्रोफाइल मर्डर केस का खुलासा करते हुए महिला, उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।
मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर था। उसका शव 15 मई को नवगछिया के स्टेशन रोड के पीछे नयाटोला इलाके में मिला था। शव की हालत बेहद भयावह थी। सिर पर बुरी तरह हमला किया गया था और घटनास्थल पर खून व सिर के हिस्से बिखरे मिले थे।
पत्नी ने जताया था अवैध संबंध का शक
मृतक की पत्नी सविता देवी ने पुलिस को बताया कि नवीन कुमार सिंह का काजल नाम की एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच पिछले चार महीनों से अफेयर चल रहा था। पत्नी ने आशंका जताई थी कि इसी संबंध के कारण नवीन की हत्या की गई है।
पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। जांच में एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक और एक स्कॉर्पियो वाहन नजर आया।
CCTV फुटेज से खुला राज
नवगछिया एसपी राजेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस काजल के पति ब्रजेश और उसके देवर नीतीश तक पहुंची। इसके बाद पुलिस ने 17 मई की रात खगड़िया में छापेमारी कर काजल को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या में इस्तेमाल बाइक और स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई।
पूछताछ में काजल ने स्वीकार किया कि उसका नवीन कुमार सिंह के साथ अवैध संबंध था। दोनों का घर आसपास होने के कारण नजदीकियां बढ़ीं। इस संबंध को लेकर नवीन के घर में अक्सर विवाद होता था।
जेल से लौटते ही पति ने रची हत्या की साजिश
जांच में सामने आया कि काजल का पति ब्रजेश पिछले छह महीनों से जेल में बंद था और 13 मई को ही जेल से बाहर आया था। बाहर आने के बाद उसे पत्नी और नवीन के संबंध की जानकारी मिली। इसके बाद उसने पत्नी काजल और भाई नीतीश के साथ मिलकर नवीन की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, काजल ने ही नवीन को मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद पति, देवर और एक अन्य आरोपी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी खगड़िया भाग गए थे।
लाखों रुपए और गहनों का भी मामला
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नवीन कुमार सिंह ने प्रेम संबंध के दौरान काजल को लाखों रुपए के गहने दिए थे। इसके अलावा वह तीन से चार लाख रुपए के कर्ज में भी डूब गया था। काजल ने पूछताछ में बताया कि नवीन उससे शादी करना चाहता था।
कॉल डिटेल से मिले अहम सुराग
पुलिस ने मृतक और आरोपी महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगाली। जांच में पता चला कि वारदात वाली रात करीब एक से डेढ़ बजे तक काजल लगातार नवीन के संपर्क में थी। इसी दौरान वह किसी दूसरे व्यक्ति से भी लगातार बातचीत कर रही थी।
हत्या कैसे हुई, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार या तरीके का खुलासा नहीं किया है। एसपी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि नवीन की हत्या गोली मारकर की गई या किसी भारी वस्तु से हमला कर।
बेटे ने कहा- 5 दिन से घर नहीं आए थे पिता
मृतक के बेटे सौरभ कुमार ने बताया कि उसके पिता पिछले पांच से छह दिनों से घर नहीं आए थे। 14 मई को उसकी पिता से आखिरी बार मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा था कि माल खाली कर घर लौटेंगे। घटना के बाद जब परिवार ने काजल को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।