Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:जन सुराज नेता के ईंट-भट्ठे पर छापेमारी, 62 गैस सिलेंडर बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 13, 2026

BIHAR:जन सुराज नेता के ईंट-भट्ठे पर छापेमारी, 62 गैस सिलेंडर बरामद

किशनगंज में जन सुराज नेता के ईंट-भट्ठे पर छापेमारी, 62 गैस सिलेंडर बरामद

किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ईंट-भट्ठे से 62 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इस मामले में जन सुराज नेता और ठाकुरगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी इकरामुल हक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

डीएम के निर्देश पर हुई छापेमारी

जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके बाद डीएम के निर्देश पर टीम गठित कर मंगलवार शाम छापेमारी की गई।

यह कार्रवाई जियापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदरझुला पंचायत स्थित निहार ईंट-भट्ठा पर की गई।

62 सिलेंडर बरामद, कई में भरी थी गैस

अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुल 62 सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 52 बड़े और 8 छोटे सिलेंडर शामिल हैं। कई सिलेंडरों में गैस भरी हुई थी।

प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।

जन सुराज नेता इकरामुल हक पर केस दर्ज

जिला प्रशासन के मुताबिक, ईंट-भट्ठे का संचालन इकरामुल हक द्वारा किया जा रहा था। इकरामुल हक जन सुराज पार्टी के नेता हैं और हाल ही में उन्हें पार्टी का महामंत्री बनाया गया था।

बताया जा रहा है कि 10 मई 2026 को जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार भारती द्वारा जारी पत्र में उन्हें महामंत्री नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में ठाकुरगंज सीट से उम्मीदवार भी रह चुके हैं।

प्रशासन ने लोगों से मांगी सूचना

एसडीओ अनिकेत कुमार ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन घरेलू गैस की कालाबाजारी और अवैध उपयोग पर लगातार नजर बनाए हुए है।

उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

गैस संकट के बीच बढ़ी प्रशासन की सख्ती

बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण देश के कई हिस्सों में गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। ऐसे में प्रशासन कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है।

इसी कड़ी में किशनगंज में यह बड़ी कार्रवाई की गई है।