Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: कार से 585 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 15, 2026

BIHAR:शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: कार से 585 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

अररिया में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: कार से 585 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

अररिया जिले के बैरगाछी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए वाहन जांच अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सफेद रंग की मारुति कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब की कुल मात्रा 585 लीटर बताई जा रही है।

अररिया के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बैरगाछी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जोकिहाट की ओर से एक मारुति कार में अवैध विदेशी शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान संदिग्ध मारुति कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस की गाड़ी ने पीछा कर कार को घेर लिया। चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल के जवानों की मदद से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद नवाब शरीफ के रूप में हुई है। वह समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बथुआ बुजुर्ग गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय मोहम्मद शहाबुदीन बताया गया है।

पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर बीच वाली सीट और डिक्की से कुल 34 कार्टून विदेशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक कार्टून में 500 मिलीलीटर की 24 बोतलें थीं। इसके अलावा 318 खुले बोतल भी बरामद किए गए। साथ ही 180 मिलीलीटर की 100 बोतलें भी जब्त की गईं। कुल मिलाकर कार से 585 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

पुलिस ने इस मामले में बैरगाछी थाना कांड संख्या 63/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि जब्त वाहन का मालिक और चालक दोनों स्वयं नवाब शरीफ ही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी समस्तीपुर जिले के लाखन थाना में कांड संख्या 92/25 दर्ज है। पुलिस अब इस शराब तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

अररिया पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस लगातार अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसने में जुटी हुई है।