Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:गोली चलाओगे, तो गोली खाओगे. सम्राट की चेतावनी के बाद एक्शन में बिहार पुलिस, 48 घंटे में 4 अपराधियों का एनकाउंटर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 20, 2026

BIHAR:गोली चलाओगे, तो गोली खाओगे. सम्राट की चेतावनी के बाद एक्शन में बिहार पुलिस, 48 घंटे में 4 अपराधियों का एनकाउंटर

Encounter In Bihar: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है. पिछले 48 घंटे में राज्य में चौथा पुलिस एनकाउंटर हुआ है. ताजा मामला समस्तीपुर से सामने आया है, जहां पुलिस और बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हुई. इस दौरान कुख्यात बदमाश प्रिंस कुमार पुलिस की गोली से घायल हो गया.

गोली उसके पैर में लगी है. फिलहाल उसका इलाज समस्तीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है.

हथियार बरामदगी के दौरान भागने लगा था बदमाश

पुलिस के मुताबिक प्रिंस कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया गया था. उसके पास से छिनतई का कुछ सामान बरामद हुआ था, लेकिन हथियार नहीं मिला था. पूछताछ में उसने हथियार छिपाने की जानकारी दी थी. मंगलवार शाम पुलिस की टीम उसे लेकर उजियारपुर थाना क्षेत्र में हथियार बरामद करने जा रही थी. तभी उजियारपुर हाई स्कूल के पास प्रिंस अचानक पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने लगा.

पुलिस ने पहले उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका. इसके बाद पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें गोली उसके पैर में जा लगी.

कई लूट और छिनतई मामलों में नाम

जानकारी के अनुसार प्रिंस कुमार हाल के दिनों में उजियारपुर, सराय रंजन और कल्याणपुर थाना क्षेत्रों में हुए सीएसपी लूट और सड़क छिनतई की कई घटनाओं में शामिल रहा है. पुलिस काफी दिनों से उसकी तलाश कर रही थी.

48 घंटे में बिहार में चौथा एनकाउंटर

बिहार में लगातार हो रहे एनकाउंटर अब चर्चा का विषय बन गए हैं. सोमवार सुबह सीवान में जामापुर सोना दुकान लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने पीछा कर गोली मारी थी.

पटना में शिक्षक से लूट और फायरिंग मामले में एक बदमाश संदीप उर्फ बादल घायल हुआ था, जबकि उसका साथी पकड़ा गया.

मंगलवार सुबह पटना में सिक्योरिटी वैन से 27 लाख लूट मामले में भी एक आरोपी को पैर में गोली लगी.
अब समस्तीपुर में प्रिंस कुमार पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है.

‘गोली चलाओगे तो गोली खाओगे’ बयान के बाद तेज हुआ एक्शन

सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा था, ‘अगर बदमाश गोली चलाएंगे, तो गोली खाएंगे’. इसके बाद लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई को सरकार के सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.