बिहार के दानापुर रेल मंडल अंतर्गत झाझा रेलवे स्टेशन से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में एक TTE रेल यात्री के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करता नजर आ रहा है.घटना के बाद लोगों में नाराजगी है और सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
बिना टिकट यात्रा के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो में हरे गमछे में दिख रहा युवक बिना टिकट एसी कोच में यात्रा करते पकड़ा गया था. जांच के दौरान TTE ने उससे जुर्माना मांगा, लेकिन युवक ने फाइन देने में असमर्थता जताई. आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और TTE ने युवक के साथ हाथापाई शुरू कर दी.
VIDEO में दिखी हाथापाई
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि TTE युवक को पकड़कर धक्का-मुक्की और मारपीट कर रहा है. इस दौरान आसपास मौजूद यात्री तमाशबीन बने रहे. वीडियो सामने आने के बाद रेलवे कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं. कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे यात्रियों के साथ अमानवीय व्यवहार बता रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मामले को लेकर बहस तेज हो गई.
आरोपी TTE निलंबित
मामले की जानकारी मिलते ही दानापुर रेल प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया. दानापुर मंडल के सीनियर DCM अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है, लेकिन TTE का व्यवहार रेलवे नियमों के खिलाफ पाया गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी TTE को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
जांच के लिए बनी टीम
रेल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी. रेलवे प्रशासन ने साफ कहा है कि यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.