कोयंबटूर रेप-मर्डर केस पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंसी का वीडियो वायरल, तमिलनाडु पुलिस की IG और मंत्री पर उठे सवाल
Coimbatore Rape Case: तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या की दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी बीच तमिलनाडु पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी का प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले हंसते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है।
वायरल वीडियो में पश्चिमी क्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक (IG) आर वी रम्या भारती मीडिया से बातचीत शुरू होने से पहले सहयोगियों के साथ हंसती और सामान्य बातचीत करती दिखाई दे रही हैं। यह प्रेस ब्रीफिंग उसी बच्ची के रेप और हत्या मामले को लेकर आयोजित की गई थी, जिसने पूरे राज्य में गुस्से का माहौल बना दिया है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई। कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि इतने संवेदनशील और दर्दनाक मामले में वरिष्ठ अधिकारी का इस तरह हंसना लोगों की भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता दर्शाता है।
एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, “पूरा तमिलनाडु बच्ची की दर्दनाक हत्या से दुखी है और अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले हंसते दिखाई दे रहे हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उद्योग मंत्री की मुस्कान पर भी विवाद
यह मामला उस समय और ज्यादा चर्चा में आ गया जब उसी दिन तमिलनाडु की उद्योग मंत्री एस कीर्तन का एक अलग वीडियो भी वायरल हो गया। मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री मुस्कुराती नजर आईं, जिसके बाद विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने उन पर भी संवेदनहीन होने का आरोप लगाया।
दरअसल, पत्रकारों ने मंत्री से बच्ची की हत्या के मामले पर सवाल पूछा था। इस पर उन्होंने कहा कि वह केवल “प्रशासनिक सवालों” का जवाब देंगी। बातचीत के दौरान उनके चेहरे पर आई मुस्कान को लेकर सोशल media पर आलोचना शुरू हो गई।
बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि मंत्री मामले की गंभीरता को समझने में विफल रही हैं और उनका रवैया पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशील नहीं था।
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद मंत्री एस कीर्तन ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी मुस्कान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बातचीत खत्म होने के दौरान चेहरे पर सामान्य मुस्कान आ गई थी, जिसका घटना से कोई संबंध नहीं था। मंत्री ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
सुलूर इलाके में हुई थी दर्दनाक घटना
जानकारी के अनुसार, कोयंबटूर के सुलूर इलाके में 10 वर्षीय बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना सामने आने के बाद पूरे तमिलनाडु में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच तेज कर दी गई है।
मुख्यमंत्री विजय ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने अधिकारियों को फास्ट-ट्रैक जांच करने और आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर अब तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन की संवेदनशीलता पर सवाल उठा रहे हैं।