Kosi Live-कोशी लाइव पटना जंक्शन गैंगरेप कांड: नाबालिग को बंधक बनाकर दुष्कर्म, 2 आरोपी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 5, 2026

पटना जंक्शन गैंगरेप कांड: नाबालिग को बंधक बनाकर दुष्कर्म, 2 आरोपी गिरफ्तार

पटना जंक्शन गैंगरेप कांड: नाबालिग को बंधक बनाकर दुष्कर्म, 2 आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल खोने के बाद बहला-फुसलाकर ले गए, तीन युवकों पर पोक्सो समेत गंभीर धाराओं में केस


पटना: पटना जंक्शन परिसर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने 4 मई को पीएमसीएच में जीआरपी पदाधिकारी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया है।

मोबाइल खोने के बाद फंसाई गई पीड़िता

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता 28 अप्रैल को विजयवाड़ा से पटना के लिए ट्रेन में सवार हुई थी और 1 मई को पटना पहुंची। इस दौरान रास्ते में उसका मोबाइल फोन गुम हो गया। पटना जंक्शन पर बैठकर रो रही पीड़िता को एक युवक ने मदद का झांसा देकर जीआरपी में शिकायत कराने की बात कही और उसे अपने साथ ले गया।

ऑटो से गांधी मैदान, फिर कार से सुनसान जगह

युवक पीड़िता को ऑटो से गांधी मैदान ले गया, जहां कुछ देर बाद एक अन्य युवक कार लेकर पहुंचा। इसके बाद दोनों ने उसे कार में बैठाकर पटना जंक्शन से सटे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया।

निर्माणाधीन बिल्डिंग में फिर किया गैंगरेप

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर चुप कराया और बाद में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में ले गए, जहां पहले से मौजूद एक अन्य युवक के साथ मिलकर तीनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

हालत बिगड़ने पर सड़क किनारे छोड़कर फरार

पीड़िता ने बताया कि अत्यधिक रक्तस्राव होने पर आरोपी उसे दानापुर स्टेशन के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। बाद में एक आरोपी फिर वहां पहुंचा और उसे जबरन ले जाने की कोशिश करने लगा, लेकिन राहगीरों ने हस्तक्षेप कर उसे पकड़ लिया और जीआरपी दानापुर के हवाले कर दिया।

अस्पताल में इलाज, पीएमसीएच में बयान दर्ज

जीआरपी द्वारा पीड़िता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खगौल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया। यहीं पीड़िता का बयान दर्ज किया गया।

2 आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश

पीड़िता के बयान के आधार पर जीआरपी ने पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर तीन आरोपियों की पहचान की है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार उर्फ विजय (21), पवन राय (22) के रूप में हुई है, जबकि अरविंद उर्फ भोकरन (28) फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पुलिस की सख्त कार्रवाई का दावा

पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पीड़िता को हर संभव चिकित्सीय और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।