सहरसा में बड़ी कार्रवाई: 16 हजार रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी और निजी दलाल गिरफ्तार, SVU की रेड से मचा हड़कंप
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने सहरसा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिषी अंचल में तैनात एक राजस्व कर्मचारी और उसके निजी दलाल को 16 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद महिषी अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में मामले की चर्चा शुरू हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्व कर्मचारी श्याम प्रसाद सिंह और उसके सहयोगी फूलचंद साह के रूप में हुई है। दोनों पर जमीन की रसीद काटने के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप है।
जमीन की रसीद के बदले मांगी जा रही थी घूस
जानकारी के अनुसार, श्याम प्रसाद सिंह महिषी अंचल के बेलाही एवं सिरवार वीरवार हल्का में पदस्थापित हैं। आरोप है कि उन्होंने अपने निजी दलाल फूलचंद साह के माध्यम से एक ग्रामीण से जमीन की रसीद काटने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
जलई थाना क्षेत्र के मनौर निवासी मोहम्मद हयात ने इसकी शिकायत पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई से की थी। शिकायत में कहा गया था कि बिना पैसे दिए जमीन से संबंधित कार्य नहीं किया जा रहा है और लगातार अवैध राशि की मांग की जा रही थी।
सत्यापन के बाद बनाई गई ट्रैप टीम
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। बुधवार को निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
जैसे ही पीड़ित मोहम्मद हयात ने 16 हजार रुपए आरोपी राजस्व कर्मचारी और उसके दलाल को सौंपे, पहले से तैनात SVU टीम ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद कर्मचारी और आम लोग भी देर तक घटना को लेकर चर्चा करते रहे।
भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत दर्ज हुआ मामला
मामले को लेकर पंकज कुमार दराद ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कांड संख्या 19/2026 दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल निगरानी विभाग दोनों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा हुआ है।
‘भ्रष्टाचार में लिप्त किसी को बख्शा नहीं जाएगा’
विशेष निगरानी इकाई ने स्पष्ट किया है कि बिहार सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों से रिश्वत मांगने वाले किसी भी सरकारी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
लोगों में जगी उम्मीद
सहरसा समेत पूरे कोसी क्षेत्र में इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों में अक्सर अवैध वसूली की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से आम लोगों में उम्मीद जगी है कि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।