Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:बिना डॉक्टर चल रहा था ‘ग्लोबल हॉस्पिटल’: छापेमारी में खुली पोल, 7 कमरे सील - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 3, 2026

SUPAUL:बिना डॉक्टर चल रहा था ‘ग्लोबल हॉस्पिटल’: छापेमारी में खुली पोल, 7 कमरे सील

🔴 बिना डॉक्टर चल रहा था ‘ग्लोबल हॉस्पिटल’: छापेमारी में खुली पोल, 7 कमरे सील

सरायगढ़। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए। जिलाधिकारी सावन कुमार और सिविल सर्जन बाबू साहेब झा के निर्देश पर एसडीएम मनोहर कुमार साहू के नेतृत्व में टीम ने सरायगढ़ स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल की जांच की।

जांच के दौरान अस्पताल में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अस्पताल संचालक आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। एसडीएम मनोहर कुमार साहू ने बताया कि अस्पताल में सरकारी मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं और सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जांच के समय वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था।

अस्पताल की स्थिति पूरी तरह अव्यवस्थित पाई गई। इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हॉस्पिटल के कुल 7 कमरों को सील कर दिया। जांच के समय अस्पताल में एक भी मरीज मौजूद नहीं था।

छापेमारी टीम में बीडीओ अच्युतानंद, सीओ स्वामीनाथ राम, किशनपुर पीएचसी प्रभारी डॉ. अभिषेक कुमार सिन्हा, सीएचसी सरायगढ़-भपटियाही प्रभारी डॉ. चंद्रभूषण मंडल, भपटियाही थाना की एसआई वर्षा कुमारी, ड्रग इंस्पेक्टर निर्भय कुमार समेत कई अधिकारी शामिल थे। ड्रग इंस्पेक्टर ने दवाओं के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं।

एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि विस्तृत जांच के बाद अस्पताल संचालक के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पूरे प्रखंड में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के बीच हड़कंप मच गया है। कई संचालकों ने कार्रवाई के डर से अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं।