मधेपुरा में बड़ी कार्रवाई: 806 लीटर से अधिक विदेशी शराब के साथ तस्कर प्रदीप कुमार गिरफ्तार
मधेपुरा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के तुनियाही वार्ड नंबर-04 निवासी प्रदीप कुमार अपने घर पर बाहर से भारी मात्रा में विदेशी शराब मंगाकर उतार रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसके घर के बाहर खड़ी एक सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01AW-7008) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी की डिक्की से 2 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई।
इसके अलावा घर की तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों की कुल 78 कार्टन में रखी करीब 806.39 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में मधेपुरा थाना कांड संख्या 373/26, दिनांक 02.04.26 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(a) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी प्रदीप कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।