Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में लॉज के कमरे से GNM छात्रा का शव फंदे से लटका मिला, प्रेमी पर हत्या का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, April 26, 2026

मधेपुरा में लॉज के कमरे से GNM छात्रा का शव फंदे से लटका मिला, प्रेमी पर हत्या का आरोप

मधेपुरा में लॉज के कमरे से GNM छात्रा का शव फंदे से लटका मिला, प्रेमी पर हत्या का आरोप

मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र में सनसनी, पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से कर रही जांच

मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक लॉज के कमरे से जीएनएम की छात्रा का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत झोकायर वार्ड-16 निवासी मकसूदन यादव की 24 वर्षीय पुत्री रूबी कुमारी के रूप में हुई है।

घटना किरण पब्लिक स्कूल के सामने स्थित एक लॉज की बताई जा रही है, जहां रूबी किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई।

सहेली ने देखा तो उड़ गए होश

बताया गया कि बगल के कमरे में रहने वाली खुशबू कुमारी रोज की तरह सुबह रूबी को जगाने पहुंची थी। रूबी अक्सर देर तक सोती थी, इसलिए उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

शक होने पर दरवाजे को धक्का दिया गया, जो खुल गया। अंदर का नजारा देखकर खुशबू के होश उड़ गए। रूबी कमरे में फंदे से लटकी हुई थी।

मां ने लगाया प्रेमी पर हत्या का आरोप

मृतका की मां गायत्री देवी ने सदर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रूबी पिछले पांच वर्षों से मधेपुरा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान बस स्टैंड के पास दवा दुकान चलाने वाले अमित कुमार नामक युवक से उसका प्रेम संबंध हो गया था।

परिजनों के अनुसार, जब इस रिश्ते की जानकारी मिली तो दोनों की शादी कराने की तैयारी भी की जा रही थी।

मां ने आरोप लगाया है कि अमित कुमार ने बेटी से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचने पर रूबी के दोनों पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने कमरे की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।

सदर थाना अध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

युवती की मौत के बाद लॉज और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। छात्रा की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।