Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:वार्ड सदस्य की निर्मम हत्या: घर में घुसकर पीटा, प्राइवेट पार्ट दबाकर ली जान, महिला गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 25, 2026

PURNEA:वार्ड सदस्य की निर्मम हत्या: घर में घुसकर पीटा, प्राइवेट पार्ट दबाकर ली जान, महिला गिरफ्तार

पूर्णिया में दिनदहाड़े वार्ड सदस्य की पीट-पीटकर हत्या, आंगन में घुसकर बदमाशों ने बरपाया कहर

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अनगढ़ थाना क्षेत्र के धुसमल गांव में आपसी विवाद को लेकर वार्ड सदस्य की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने दिनदहाड़े घर के आंगन में घुसकर घटना को अंजाम दिया। मृतक की पहचान धुसमल पंचायत के वार्ड संख्या 9 के निर्वाचित सदस्य अशफाक अंसारी (57 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

आंगन में घुसकर किया हमला

परिजनों के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब एक से ढाई बजे के बीच गांव के कुछ लोग पुरानी रंजिश और गोतिया विवाद को लेकर अशफाक अंसारी के घर पहुंचे। आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई, फिर विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।

बेटी ने छह लोगों पर दर्ज कराया केस

मृतक की पुत्री सुहाना द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में गांव के अफसर आलम उर्फ मुन्ना की पत्नी नबीसता, नैमोद्दीन, नाजमीन, खुशनूर, खुशनंती तथा नफीस को नामजद आरोपी बनाया गया है। आवेदन में सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई है।

गंभीर चोट लगने से हुई मौत

बताया गया कि हमले में अशफाक अंसारी को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही अनगढ़ थाना अध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य महिला आरोपी नबीसता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

थाना अध्यक्ष ने बताया कि फरार चल रहे अन्य पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गांव में तनाव, पुलिस तैनात

वार्ड सदस्य की हत्या के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।