मधेपुरा में सनकी पति का खौफनाक कांड: पत्नी का गला रेतकर हत्या, शव को आधा किमी दूर दफनाया; आरोपी ने किया सरेंडर
मधेपुरा जिले के बेलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगारही वार्ड संख्या चार में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर ले जाकर गड्ढा खोदकर दफना दिया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पत्नी का गला रेतकर की हत्या
मृतका की पहचान 36 वर्षीय त्रिफुल देवी के रूप में हुई है, जो सुरेश ऋषिदेव की पत्नी थी। आरोप है कि रविवार की रात सभी के सो जाने के बाद आरोपी पति ने कुदाल से हमला कर पत्नी का गला रेत दिया और उसकी हत्या कर दी।
शव को घसीटकर ले गया, गड्ढा खोदकर दफनाया
हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर तक घसीटकर ले गया और वहां करीब ढाई फीट गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया। घटना को अंजाम देने के बाद उसने किसी को भनक तक नहीं लगने दी।
बेटे को हुआ शक, कुदाल से खुला राज
मृतका के बेटे राकेश कुमार ने बताया कि रात करीब 3 बजे जब उसकी नींद खुली तो उसकी मां घर में नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला, तो सुबह घर के बाहर एक कुदाल पड़ा मिला, जिस पर ताजी मिट्टी लगी हुई थी। इससे परिवार को शक हुआ।
जब दादा ने आरोपी सुरेश ऋषिदेव से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली और शव दफनाने की जगह भी बता दी। इसके बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी खोदी, जहां से त्रिफुल देवी का शव बरामद हुआ।
बेटी के बयान से खुली पूरी सच्चाई
मृतका की बेटी कोमल कुमारी ने भी बताया कि रात में पिता ने ही मां की हत्या की और शव को दूर ले जाकर दफना दिया। बच्चों के बयान ने इस जघन्य वारदात की पुष्टि कर दी।
खुद थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण
घटना के बाद आरोपी सुरेश ऋषिदेव खुद थाने पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अवैध संबंध के शक में उठाया खौफनाक कदम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी पर किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। गुस्से में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
2008 में हुई थी शादी, तीन बच्चों की मां थी मृतका
मृतका के भाई लोचन ऋषिदेव के अनुसार, त्रिफुल देवी की शादी वर्ष 2008 में सुरेश ऋषिदेव से हुई थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। परिवार में पहले भी विवाद होते थे, लेकिन इतनी बड़ी घटना की किसी को उम्मीद नहीं थी।
गांव में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।