मधेपुरा में कस्तूरबा गर्ल्स हॉस्टल में 8वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों का हंगामा; लापरवाही के आरोप, जांच जारी
मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में सोमवार तड़के एक 13 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान संतोषी कुमारी के रूप में हुई है, जो 8वीं कक्षा की छात्रा थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है और स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं।
सुबह 3 बजे बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
परिजनों के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 3 बजे हॉस्टल में संतोषी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथ में रह रही छात्राओं ने वार्डन को सूचना दी। इसके बाद आनन-फानन में उसे ग्वालपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
2 दिन पहले किया गया था कमरे का बदलाव
मृतका की छोटी बहन अंशु कुमारी ने बताया कि संतोषी पहले उसके साथ रहती थी, लेकिन दो दिन पहले ही उसे दूसरे कमरे में शिफ्ट कर दिया गया था। इस बदलाव को लेकर भी परिजन सवाल उठा रहे हैं और इसे जांच का अहम बिंदु मान रहे हैं।
रविवार को पूरी तरह ठीक थी, कार्यक्रम में लिया था हिस्सा
परिवार के अनुसार, रविवार को संतोषी पूरी तरह स्वस्थ थी। वह स्कूल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुई थी और डांस भी किया था। रात करीब 9:30 बजे वह खाना खाकर सोने चली गई थी। उस समय उसे किसी तरह की परेशानी नहीं थी।
मां ने लगाया गंभीर आरोप
मृतका की मां चुन्नी देवी ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने एक दिन पहले ही बेटियों को घर ले जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन वार्डन ने मना कर दिया। उनका कहना है कि अगर बच्ची को घर जाने दिया जाता, तो उसकी जान बच सकती थी।
खाने में कटौती और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हॉस्टल में खाने की व्यवस्था ठीक नहीं थी और अक्सर कटौती की जाती थी। इसके अलावा, लंबे समय से एक ही वार्डन की तैनाती और व्यवस्थाओं में खामियों को लेकर भी नाराजगी जताई जा रही है।
घटना के बाद हंगामा, जांच की मांग
घटना की सूचना मिलते ही सुबह करीब 5 बजे परिजन स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
उदाकिशुनगंज के एसडीएम पंकज घोष ने बताया कि फिलहाल शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई है, जिसमें कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। हालांकि, छात्रा के कमरे में बदलाव सहित सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
परिवार में पसरा मातम
संतोषी अपने परिवार की बड़ी बेटी थी। उसके परिवार में एक छोटी बहन और एक बड़ा भाई है। बेहतर शिक्षा के लिए दोनों बहनें पिछले दो वर्षों से इस आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।