मधेपुरा में बड़ी कार्रवाई: बिना लाइसेंस चल रही दवा दुकान पर छापा, नशीली दवाएं व बीयर बोतल बरामद
मुरलीगंज, मधेपुरा: दुर्गा स्थान चौक स्थित लोटस हॉस्पिटल में गुरुवार को औषधि विभाग और उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी के निर्देश पर की गई।
बिना लाइसेंस संचालित हो रही थी दवा दुकान
औषधि निरीक्षक राजीव कुमार राय ने बताया कि अस्पताल परिसर में संचालित दवा दुकान के पास किसी प्रकार का वैध लाइसेंस (अनुज्ञप्ति) उपलब्ध नहीं था। जांच के दौरान दुकान से पांच प्रकार की अवैध नशीली दवाएं बरामद की गईं।
उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार की दवा का भंडारण और बिक्री पूरी तरह गैरकानूनी है।
दवाओं की सूची तैयार, कार्रवाई शुरू
संयुक्त टीम ने मौके पर मौजूद सभी दवाओं की सूची तैयार कर ली है। संबंधित संचालकों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बीयर और शराब की खाली बोतल भी मिली
उत्पाद विभाग के निरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अस्पताल परिसर से एक बीयर की बोतल और शराब की खाली बोतल भी बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि यह मामला उत्पाद अधिनियम के तहत भी जांच के दायरे में आएगा।
इलाके में मचा हड़कंप
संयुक्त छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।