मुरलीगंज में दो अलग-अलग कार्रवाई: पिता ने बेटे को कट्टा संग पकड़वाया, दूसरी ओर 6 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
मुरलीगंज थाना क्षेत्र से दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एक मामले में जहां पिता ने ही अपने बेटे को देशी कट्टा के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया, वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में हरिपुर तीनकोनमा वार्ड संख्या 13 निवासी संजीव यादव ने थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र रितीश कुमार उर्फ ऋतुराज गलत संगत में पड़ गया है और अक्सर हथियार लेकर घूमता रहता है। 5 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे वह देशी कट्टा लेकर घर पहुंचा। पूछताछ करने पर उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद संजीव यादव ने ग्रामीणों की मदद से अपने पुत्र को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने युवक के पास से देशी कट्टा बरामद कर लिया है और मुरलीगंज थाना कांड संख्या 180/26 के तहत धारा 25(1-बी)ए एवं 37 आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एसआई सचिता नंदन को सौंपी गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में कोल्हायपट्टी वार्ड 7 निवासी सुजीत कुमार को पुलिस ने छह ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। संध्या गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कोल्हायपट्टी चौक के समीप उसे पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से छह ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एक युवक को अवैध हथियार और दूसरे को मादक पदार्थ बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इन घटनाओं से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।