Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:लग्जरी कार से 35 ग्राम हेरोइन बरामद, महिला तस्कर समेत तीन गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, April 26, 2026

BIHAR:लग्जरी कार से 35 ग्राम हेरोइन बरामद, महिला तस्कर समेत तीन गिरफ्तार

वैशाली में लग्जरी कार से 35 ग्राम हेरोइन बरामद, महिला तस्कर समेत तीन गिरफ्तार

हाजीपुर से बड़ी कार्रवाई, वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई अंतरजिला तस्करी की खेप

हाजीपुर। वैशाली जिले के बराटी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए घोड़ा चौक के पास वाहन जांच के दौरान एक लग्जरी कार से करीब 35 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई में अंतरजिला महिला तस्कर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है।

पुलिस को देखकर भागने लगा चालक

बराटी थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि शनिवार शाम घोड़ा चौक पर गश्ती के दौरान वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जंदाहा की ओर से आ रही सफेद रंग की कार संख्या BR-31B-2356 को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी और तेज गति से विदुपुर जाने वाली सड़क की ओर भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा किया और जोगी बाबा स्थान से करीब 150 मीटर आगे पुलिया के पास कार को रोक लिया। इसी दौरान एक तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

कार की डिक्की में लेडीज पर्स से मिली हेरोइन

पुलिस ने ई-साक्ष्य के तहत वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखे नीले रंग के लेडीज बैग से तीन डिब्बों में रखा करीब 35 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया। स्थानीय भाषा में इसे 'कोटा' कहा जाता है।

सिलीगुड़ी से लाई जा रही थी खेप

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हेरोइन की यह खेप सिलीगुड़ी से लाई जा रही थी। इसे फरार आरोपी बिजेन्द्र राय के बिदुपुर स्थित घर पहुंचाना था, जहां से छोटे-छोटे डिब्बों में भरकर अलग-अलग क्षेत्रों में बेचने की योजना थी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों, कार मालिक तथा फरार तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  1. रविशंकर कुमार, पिता कपिल देव ठाकुर, ग्राम चेचर, थाना बिदुपुर, जिला वैशाली
  2. कुन्दन कुमार, पिता नरेश राय, ग्राम दाउदनगर, थाना विदुपुर, जिला वैशाली
  3. राखी देवी उर्फ राखी जायसवाल, पति मुन्ना कुमार, ग्राम महंत बरामा दास मठ, वार्ड संख्या 09, थाना घोड़ासहन, जिला मोतिहारी

फरार आरोपी

  • बिजेन्द्र राय, पिता सूर्य देव राय, ग्राम दाउदनगर, थाना विदुपुर, जिला वैशाली