RJD MLA: सिवान जिले के एमएच नगर थाना के सेमरी गांव में रविवार की देर रात एक मामूली सड़क विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया. ऑटो और स्कॉर्पियो के बीच साइड लेने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते पथराव और फायरिंग में बदल गई. इस घटना ने तब राजनीतिक तूल पकड़ लिया जब पीड़ित पक्ष ने रघुनाथपुर के आरजेडी विधायक ओसामा साहब पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
पुलिस के मुताबिक, सेमरी गांव में एक ऑटो और स्कॉर्पियो के बीच टक्कर हो गई थी. इसके बाद ऑटो चालक के समर्थन में स्थानीय ग्रामीण उग्र हो गए और स्कॉर्पियो पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी असामाजिक तत्वों ने सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया है.
विधायक पर गंभीर आरोप
स्कॉर्पियो सवार चंदन सिंह ने अपनी प्राथमिकी में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि वह एक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी. चंदन सिंह का आरोप है कि इस हमले की पूरी स्क्रिप्ट आरजेडी विधायक ओसामा साहब और डब्लू खान ने मिलकर लिखी थी. उनकी तीन गाड़ियां इस हमले में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
एसपी पूरन कुमार झा और एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने खुद मौके पर जाकर मुआयना किया. पुलिस का कहना है कि चंदन सिंह और डब्लू खान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके बीच राजनीतिक रंजिश भी चल रही है. फिलहाल पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं और ओसामा साहब की भूमिका की गहन जांच की जा रही है. गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है.