Kosi Live-कोशी लाइव भागलपुर गोलीकांड का मुख्य आरोपी रामधनी यादव एनकाउंटर में ढेर, पुलिस पर फायरिंग में DSP समेत 3 जवान घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 29, 2026

भागलपुर गोलीकांड का मुख्य आरोपी रामधनी यादव एनकाउंटर में ढेर, पुलिस पर फायरिंग में DSP समेत 3 जवान घायल

भागलपुर गोलीकांड का मुख्य आरोपी रामधनी यादव एनकाउंटर में ढेर, पुलिस पर फायरिंग में DSP समेत 3 जवान घायल

नगर परिषद कार्यालय में अधिकारी की हत्या के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर सरकारी अधिकारी की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी रामधनी यादव का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को हथियार बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सरेंडर के बाद बरामदगी के लिए ले गई थी पुलिस

बताया गया कि गिरफ्तारी के डर से रामधनी यादव ऑटो से थाना पहुंचा था और सरेंडर कर दिया था। पूछताछ के दौरान उसने ग्रामीण इलाके में हथियार छिपाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी।

सहयोगियों ने घेरकर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, बरामदगी स्थल पर पहुंचते ही आरोपी के सहयोगियों ने पुलिस टीम का पीछा करते हुए हमला कर दिया। इसी दौरान रामधनी यादव ने भी पिस्टल निकालकर पुलिस पर गोली चला दी। इस हमले में डीएसपी नवनीत कुमार समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान रामधनी यादव के सीने में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिस अभिरक्षा में हैं और उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों में गोली लगी है। गिरफ्तार आरोपियों में एक दीपक बताया जा रहा है, जबकि दूसरा रामधनी यादव का साला है। दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

एसएसपी ने दी जानकारी

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी को घटना में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने और उसके सहयोगियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।

मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में हुई थी सनसनीखेज वारदात

मंगलवार दोपहर सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार और सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही ईओ कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई। वहीं सभापति का इलाज जारी है।