Kosi Live-कोशी लाइव CRIME:बिहार में प्रेमी जोड़े को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल,सैकड़ों लोगों के सामने हुई बर्बरता, वार्ड सदस्य पर... - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 9, 2026

CRIME:बिहार में प्रेमी जोड़े को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल,सैकड़ों लोगों के सामने हुई बर्बरता, वार्ड सदस्य पर...

हेडलाइन:
कसबा में भीड़ का कहर: प्रेमी जोड़े को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

 

पूर्णिया में पिलर से बांधकर प्रेमी जोड़े की बेरहमी से पिटाई की गई है। पकड़े जाने के बाद वार्ड सदस्य ने तालिबानी फरमान सुनाते हुए गर्भवती प्रेमिका और उसके प्रेमी को घर के पिलर से बांधकर बड़ी ही बेरहमी से पीटा। बॉडी पर 10 से अधिक कोड़े बरसाए गए। मामला कसबा थाना क्षेत्र के गुरही पंचायत से जुड़ा है।


 

मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। 25 सेकंड के वीडियो में साफ दिख रहा है कि गर्भवती प्रेमिका और उसके प्रेमी एक घर में पिलर से बंधे हैं। इनके के हाथों को रस्सी से कसकर बांध दिया गया है। सामने खड़ा वार्ड सदस्य, बनियान और लुंगी में, हाथ में कांटेदार टहनियां लिए हुए है। दोनों पर ताबड़तोड़ डंडे बरसा रहा है।


 

वार्ड सदस्य ने बेरहमी से मारा


हर वार के साथ उनकी चीखें गूंज रही हैं, लेकिन वहां मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी खड़ी है। दोनों पर 10 से ज्यादा बार हमला किया जाता है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस महिला को पीटा जा रहा है, वो तीन महीने की गर्भवती है। इसके बावजूद न वार्ड सदस्य को रहम आया, न वहां मौजूद लोगों में से किसी ने आगे बढ़कर उसे बचाने की कोशिश की।


जानकारी के मुताबिक महिला पहले से शादीशुदा है। पति दूसरे राज्य में मजदूरी करता है। मायके में एक युवक के साथ अफेयर चल रहा था। दोनों चोरी-छिपे मिलते थे। इसी बीच ग्रामीणों को इसकी भनक लगी और उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद मामला पुलिस तक ले जाने के बजाय वार्ड सदस्य को सौंप दिया गया, जिसने खुद ही कानून हाथ में ले लिया और तालिबानी सजा दे डाली।


 

मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश नहीं की।

छानबीन में जुटी पुलिस


इस घटना के दौरान सैकड़ों लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने इसका विरोध नहीं किया। सभी तमाशबीन बने रहे। वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सरपंच और मुखिया को सौंप दिया


महिला के पति ने बताया कि मेरी पत्नी का गांव के युवक से काफी समय से अफेयर चल रहा था। दोनों अक्सर मिलते थे। हमने इसका विरोध किया था। मगर पत्नी ने हमारी एक नहीं सुनी। तब जाकर हमने ये बात वार्ड सदस्य अहमद और मुखिया सरवर को बताई। दोनों गांव के खेत में चोरी छिपकर मिलते पकड़े गए। इसी के बाद उन्होंने दोनों को सरपंच और मुखिया को सौंप दिया।


वहां दोनों को घर के पिलर में बांधकर पीटा। पिटाई के बाद इन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने बाद में लड़की को छोड़ दिया। थाने से जाते वक्त लड़की ने हमारे ऊपर केस करने की धमकी दी। इसके बाद से वो कहां गई, किसी को कुछ मालूम नहीं।