हेडलाइन:
शादी का झांसा देकर लूट करने वाला गिरोह बेनकाब: बनमनखी पुलिस ने 5 आरोपितों को दबोचा
खबर:
पूर्णिया जिले के बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित लूट गिरोह का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। यह गिरोह शादी कराने का झांसा देकर बाहरी लोगों को बुलाता था और फिर सुनसान जगहों पर ले जाकर उनके साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम देता था।
मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 5 अप्रैल की रात गिरोह के सदस्यों ने राजस्थान के अजमेर से चार लोगों को शादी का प्रलोभन देकर बनमनखी बुलाया। आरोपितों ने पीड़ितों को लड़की दिखाने के बहाने वाहन से सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की और उनसे 98 हजार रुपए नकद, 4 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान लूट लिया। इसके बाद उन्हें सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बनमनखी थाना में कांड संख्या 87/26 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में सुपौल निवासी मो. कौसर खान, मो. मुमताज, मो. आरिफ खान, मुजफ्फरपुर की रीना देवी और पश्चिम बंगाल निवासी मो. मकबूल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी संगठित रूप से इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस ने इनके पास से कुल 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें से 4 लूटे गए थे। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, एक लोहे का रॉड और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि यह गिरोह खासतौर पर बाहर के लोगों को निशाना बनाता था। पहले शादी का झांसा देकर संपर्क स्थापित किया जाता था, फिर उन्हें सुनसान जगह पर ले जाकर मारपीट कर लूटपाट की जाती थी।
फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही सभी आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि इस तरह की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सके।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनजान लोगों के झांसे में आकर शादी या किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न फंसे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।