बिहार में वर्दी पहनकर रील बनाने वाला होमगार्ड जवान विवादों में, जानलेवा हमला और लूट का भी आरोप
वैशाली/पटना: बिहार में वर्दी पहनकर रील बनाने पर प्रतिबंध के बावजूद एक होमगार्ड जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में जवान वर्दी पहनकर भोजपुरी गीत पर झूमता नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में वह ड्यूटी के दौरान राइफल के साथ ओवरब्रिज पर खड़ा दिख रहा है। जवान पर एक युवक पर जानलेवा हमला और लूटपाट का भी गंभीर आरोप है।
वैशाली जिले का रहने वाला है जवान
आरोपी जवान की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है। वह वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के टारा चौरी गांव का निवासी बताया जा रहा है। वर्तमान में वह पटना जिले के आलमगंज थाने में होमगार्ड जवान के पद पर तैनात है।
युवक पर हमला कर 30 हजार लूटने का आरोप
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2024 की शाम करीब 5 बजे आनंद कुमार और उसके साथियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला किया था। आरोप है कि युवक के बेहोश होने के बाद उसकी जेब से 30 हजार रुपये छीन लिए गए। इस मामले में महनार थाना कांड संख्या 433/24 दर्ज किया गया है।
वर्दी में वीडियो बनाकर लोगों को धमकाने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद आनंद कुमार लगातार वर्दी में रील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करता है और लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश करता है।
पुलिस मैनुअल का उल्लंघन
बिहार पुलिस मैनुअल के तहत वर्दी पहनकर रील या सोशल मीडिया वीडियो बनाने पर रोक है, इसके बावजूद ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पूर्व में कई कर्मियों पर कार्रवाई भी की जा चुकी है।
कार्रवाई पर टिकी नजर
अब सबकी नजर इस बात पर है कि वायरल वीडियो और गंभीर आरोपों को लेकर आलमगंज थाना में तैनात होमगार्ड जवान आनंद कुमार पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई होती है या नहीं।