Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:PDS दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 3 लाइसेंस रद्द होंगे, 3 विक्रेताओं से मांगा जवाब - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 22, 2026

BIHAR:PDS दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 3 लाइसेंस रद्द होंगे, 3 विक्रेताओं से मांगा जवाब

अररिया में PDS दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 3 लाइसेंस रद्द होंगे, 3 विक्रेताओं से मांगा जवाब

अररिया। जिलाधिकारी विनोद दूहन के निर्देश पर जिले की सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 6 दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए 3 दुकानों के लाइसेंस रद्द करने का निर्णय लिया है, जबकि 3 अन्य विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

गोदाम नहीं खोलने पर कार्रवाई

अररिया प्रखंड की झमटा पंचायत स्थित पीडीएस दुकानदार अब्दुल बारी (अनुज्ञप्ति संख्या-119A/2016) की दुकान की जांच के दौरान उनका गोदाम नहीं खोला जा सका। जांच पदाधिकारी ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए गड़बड़ी की आशंका जताई है। उनके विरुद्ध लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

6 महीने से राशन वितरण बंद

इसी प्रखंड की विक्रेता सुनीता कुमारी (अनुज्ञप्ति संख्या-03A/2022) के संबंध में निरीक्षण रिपोर्ट में बताया गया कि वे पिछले 6 माह से राशन वितरण नहीं कर रही हैं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उनके विरुद्ध भी अनुज्ञप्ति रद्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

चाभी नहीं होने का बहाना पड़ा भारी

चन्द्रदेई पंचायत के विक्रेता हेमंत कुमार (अनुज्ञप्ति संख्या-138A/16) ने जांच के दौरान चाभी नहीं होने का बहाना बनाकर गोदाम खोलने से इनकार कर दिया। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उनके लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

तीन विक्रेताओं से मांगा गया स्पष्टीकरण

जिन विक्रेताओं से जवाब-तलब किया गया है, उनमें झमटा पंचायत के रामानंद रजक शामिल हैं, जिनकी दुकान जांच के समय बंद मिली। उन्होंने परिवार में मृत्यु होने का कारण बताया है।

वहीं कुर्साकांटा प्रखंड की हरीरा पंचायत में ओम नाथ पासवान (अनुज्ञप्ति संख्या-49K/2016) और श्री लाल पासवान (अनुज्ञप्ति संख्या-48K/2016) की दुकानें भी बंद पाई गईं। दोनों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

डीएम की सख्त चेतावनी

जिलाधिकारी विनोद दूहन ने स्पष्ट कहा है कि जन वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले सभी विक्रेताओं के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।