हेडलाइन:
वैशाली में दरोगा ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद की आशंका
खबर:
वैशाली जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना में दरोगा कौशल किशोर कुमार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली सिर के आर-पार निकल गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक दरोगा 2019 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे और मूल रूप से खगड़िया जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में वे हाजीपुर के नगर थाना अंतर्गत जढुआ ओपी प्रभारी के पद पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पाया कि दरोगा ने किराए के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर खुद को गोली मार ली थी। घटना के समय उनकी पत्नी घर में ही मौजूद थी।
प्रारंभिक जांच में मामला निजी कारणों से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक महिला कॉन्स्टेबल के साथ उनके प्रेम संबंध थे और वह दरोगा पर पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था और तनाव बढ़ता जा रहा था।
दरोगा की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। कुछ दिन पहले उनकी मां भी गांव से आकर दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश कर चुकी थीं, लेकिन विवाद सुलझ नहीं सका।
घटना के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।