वैशाली में सनसनी: युवती को गोली मार युवक ने खुद को उड़ाया, प्रेम प्रसंग में वारदात की आशंका
वैशाली/भगवानपुर। जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने घर में घुसकर पहले युवती को गोली मार दी, फिर खुद को भी गोली मार ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल युवती का इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है।
मृतक की पहचान पंकज सहनी (24) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवती गंगा कुमारी (19) बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार युवती खतरे से बाहर है।
घर में अकेली थी युवती, तभी घुसा युवक
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे गंगा कुमारी घर में अकेली थी। उसके पिता उपेंद्र सहनी किसी काम से बाहर गए थे। इसी दौरान पंकज सहनी घर में घुसा और किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद युवक ने युवती को गोली मार दी।
गोली मारने के बाद पंकज ने खुद को भी गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
लड़की के पिता ने लूटपाट का लगाया आरोप
घायल युवती के पिता उपेंद्र सहनी ने बताया कि बेटी की शादी अगले महीने तय थी और घर में शादी के लिए करीब चार लाख रुपए रखे थे। उनका आरोप है कि पंकज रुपए लूटने की नीयत से घर में घुसा था। बेटी ने विरोध किया तो उसने गोली मार दी।
उन्होंने प्रेम प्रसंग की बात से साफ इनकार करते हुए कहा कि युवक आपराधिक प्रवृत्ति का था और हाल ही में जेल से बाहर आया था।
मृतक के पिता ने लगाया हत्या का आरोप
वहीं मृतक पंकज के पिता फेकन सहनी ने आरोप लगाया कि उपेंद्र सहनी ने उनकी बेटी के जरिए पंकज को घर बुलाया और फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
एसपी बोले- प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा
वैशाली एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी, फिर खुद को गोली मार ली। प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
एफएसएल टीम को बुलाया गया
पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। युवक के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।