अररिया में यूरिया की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 77 बोरी खाद जब्त
अररिया/कुर्साकांटा। बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी 52वीं बीओपी लैलोखर और कुर्साकांटा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बलचंदा वार्ड संख्या-06 में छापेमारी कर 77 बोरी यूरिया जब्त किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर बलचंदा वार्ड संख्या-06 स्थित अस्सलम इंटरप्राइजेज के परिसर में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान मकान के आंगन, बरामदा, घर के पीछे झोपड़ी तथा कमरे में अलग-अलग जगहों पर रखी कुल 77 बोरी यूरिया बरामद की गई।
वैध कागजात नहीं दिखा सके संचालक
छापेमारी के दौरान जब्त यूरिया से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद कृषि विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे प्रखंड कृषि पदाधिकारी दीपेश कुमार साह की मौजूदगी में खाद जब्त की गई।
दुकानदार पर प्राथमिकी दर्ज
जब्त यूरिया और अनुज्ञप्ति प्राप्त दुकानदार सह संचालक मो. जुबेश आलम, पिता मो. ऐनुल, के विरुद्ध कुर्साकांटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई
कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जब्त खाद को कुर्साकांटा बाजार स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त दुकान मंडल खाद बीज भंडार के संचालक अनिल Kumar मंडल को सुरक्षित रखने के लिए जिम्मेनामा पर सौंप दिया गया है।
कालाबाजारी की आशंका
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया जब्त यूरिया कालाबाजारी और मुनाफाखोरी के उद्देश्य से रखा गया प्रतीत होता है। साथ ही प्रखंड के अन्य लाइसेंसी खाद दुकानों पर भी विभाग की नजर रखी जा रही है।