Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:फर्जी मीडियाकर्मी बनकर रेस्टोरेंट संचालक से 1 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरोह बेनकाब, 5 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 24, 2026

BIHAR:फर्जी मीडियाकर्मी बनकर रेस्टोरेंट संचालक से 1 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरोह बेनकाब, 5 गिरफ्तार

फर्जी मीडियाकर्मी बनकर रेस्टोरेंट संचालक से 1 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरोह बेनकाब, 5 गिरफ्तार

भागलपुर: बिहार के भागलपुर में फर्जी मीडियाकर्मी बनकर रेस्टोरेंट संचालकों से रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जोगसर थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट संचालक से 1 लाख रुपए की मांग करने के मामले में पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो युवतियां अभी भी फरार हैं।

पीड़ित रेस्टोरेंट संचालक अभिषेक कुमार ने जोगसर थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे कुछ लोग उनके रेस्टोरेंट में पहुंचे। उस समय रेस्टोरेंट में ग्राहक मौजूद थे। सबसे पहले दो युवतियां अंदर आईं और मोबाइल से वीडियो बनाने लगीं। जब इसका विरोध किया गया, तो थोड़ी ही देर में पांच अन्य लोग माइक और कैमरे के साथ अंदर घुस आए।

आरोपियों ने खुद को मीडियाकर्मी बताते हुए रेस्टोरेंट पर गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट के पास लाइसेंस नहीं है और यहां अवैध गतिविधियां संचालित होती हैं। इसके बाद उन्होंने संचालक पर दबाव बनाते हुए 1 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की।

अभिषेक कुमार के अनुसार, आरोपियों ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वे रेस्टोरेंट के खिलाफ नकारात्मक खबर चलाकर उसकी छवि खराब कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इसका “बहुत बुरा अंजाम” होगा। हालांकि, संचालक ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और सिर्फ खाने की पेशकश की, जिसे आरोपियों ने ठुकरा दिया।

पीड़ित ने यह भी खुलासा किया कि यही गिरोह पहले भी शहर के अन्य रेस्टोरेंट संचालकों को निशाना बना चुका है। 31 मार्च को भीखनपुर इलाके में एक रेस्टोरेंट से 70 हजार रुपए और एक अन्य स्थान से 50 हजार रुपए डराकर वसूले गए थे।

मामले की जानकारी देते हुए प्रमोद कुमार ने बताया कि यह गिरोह कैमरा और माइक का इस्तेमाल कर लोगों को डराकर रंगदारी मांगता था। पहले भी इस तरह की शिकायतें मिली थीं, लेकिन आरोपी बच निकलते थे। इस बार ठोस शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने जोगसर थानाध्यक्ष मंटू कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की, जिसमें 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय यादव, अरविंद यादव, समीउल्लाह, संजीव मिश्रा और गौतम सुमन के रूप में हुई है।

फिलहाल दो युवतियां फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद शहर के रेस्टोरेंट संचालकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।