हेडलाइन:
सीतामढ़ी में बड़ी कार्रवाई: डुमरा अंचलाधिकारी डौली कुमारी निलंबित, कई गंभीर आरोपों पर विभाग का एक्शन
खबर:
सीतामढ़ी जिले के डुमरा अंचलाधिकारी को बिहार सरकार के ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में उनके खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
जारी संकल्प के अनुसार, मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान आवश्यक आदेशों का पालन नहीं करने तथा कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री के भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को भी विभागीय कार्यक्रम की अवहेलना माना गया है।
विभाग ने यह भी कहा है कि मार्च 2026 में महालेखाकार से जुड़े आदेशों की अवहेलना की गई। साथ ही व्यय एवं उपयोगिता प्रमाण-पत्र भी समय पर जमा नहीं किए गए।
राजस्व संग्रह के मामले में भी अंचल कार्यालय का प्रदर्शन कमजोर पाया गया। निर्धारित 288.38 लाख रुपये के लक्ष्य के मुकाबले केवल 69.82 लाख रुपये की वसूली की गई, जिससे वित्तीय प्रबंधन प्रभावित हुआ।
इसके अतिरिक्त उच्च न्यायालय के अतिक्रमण हटाने संबंधी आदेशों का पालन नहीं करने तथा जनगणना 2027 जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही बरतने का भी आरोप है। विभागीय निर्देशों और कई स्मरण पत्रों की अनदेखी भी कार्रवाई का आधार बनी है।
विभाग ने इन कृत्यों को बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के नियम 3(1) का उल्लंघन माना है। इसी आधार पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत उन्हें निलंबित किया गया है।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इस दौरान उनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय निर्धारित किया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अलग से की जाएगी।