Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:450 लीटर नेपाली शराब जब्त, 7 तस्कर गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, April 26, 2026

BIHAR:450 लीटर नेपाली शराब जब्त, 7 तस्कर गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद

अररिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इंडो-नेपाल बॉर्डर से 450 लीटर नेपाली शराब जब्त, 7 तस्कर गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद

अररिया/नरपतगंज: फुलकाहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब, कई बाइक और सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। इंडो-नेपाल सीमा से सटे इलाके में की गई इस कार्रवाई में कुल 450 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई, जबकि दो चोरी की बाइक भी जब्त की गई है।

शनिवार को एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने फुलकाहा थाना पहुंचकर गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की और प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।

गुप्त सूचना पर रात में चला अभियान

थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य के नेतृत्व में पुलिस ने शुक्रवार रात गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई नवाबगंज इंडो-नेपाल सीमा सड़क के समीप की गई, जहां तीन बाइक पर बोरी में लदी 207 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई।

वहीं दूसरी कार्रवाई अचरा रिफ्यूजी टोला के पास हुई, जहां दो बाइक पर लदी बोरी से 243 लीटर शराब जब्त की गई।

दोनों कार्रवाई में कुल 450 लीटर शराब बरामद हुई।

शराब तस्करों को लाइन देने वाला भी गिरफ्तार

पुलिस ने एक बाइक सवार ऐसे तस्कर को भी गिरफ्तार किया, जो शराब तस्करों को लाइन देने का काम कर रहा था। मौके से दो अन्य तस्कर भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।

दो चोरी की बाइक बरामद

बरामद कुल छह बाइक में से चार पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित है, जबकि दो बाइक बिना नंबर की हैं। जांच में दो बाइक चोरी की होने की बात सामने आई है।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • सोनू कुमार राय, नाथपुर वार्ड 08
  • सत्यम कुमार झा, नाथपुर वार्ड 09
  • आशीष कुमार राय, नाथपुर वार्ड 08
  • परशुराम कुमार राय, नाथपुर वार्ड 10
  • चंद्रभूषण कुमार मंडल, हसैनाबाद वार्ड 11, सुपौल
  • खगेश यादव, मधुरा पश्चिम वार्ड 03
  • निरनाल सिंह, मधुरा निवासी

छापेमारी दल में शामिल रहे ये अधिकारी

कार्रवाई में थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, एसआई रमेश कुमार सिंह, पीटीसी बिपिन कुमार, सिपाही दीपू कुमार और चौकीदार ललित कुमार पासवान शामिल थे।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि सभी गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।