गोपालगंज में दिनदहाड़े ज्वेलरी लूट, पीछा करने पर फायरिंग में ग्रामीण की मौत; भीड़ की पिटाई से एक बदमाश ढेर
भोरे के लाला छापर गांव में वारदात, आक्रोशित ग्रामीणों ने बाइक फूंकी; 3 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र अंतर्गत लाला छापर गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई। हथियारबंद बदमाशों ने ‘दीपक ज्वेलर्स’ में धावा बोलकर लूटपाट की और भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा किया तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं गुस्साई भीड़ ने एक बदमाश को पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला।
लूट के बाद भाग रहे बदमाशों ने चलाई गोली
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कई हथियारबंद अपराधी बाइक से पहुंचे और दीपक ज्वेलर्स दुकान में घुसकर लूटपाट करने लगे। वारदात के बाद जैसे ही बदमाश भागने लगे, ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए उनका पीछा शुरू कर दिया।
खुद को घिरता देख अपराधियों ने भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे डबलू मिश्र (40) को गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
भीड़ का फूटा गुस्सा, एक बदमाश की मौत
ग्रामीण की मौत से गुस्साए लोगों ने दो अपराधियों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। पिटाई में एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आक्रोशित लोगों ने बदमाशों की अपाचे बाइक को आग के हवाले कर दिया, जिससे बाइक जलकर राख हो गई।
आरोपी को बचाने के लिए दुकान में किया बंद
उग्र भीड़ को देखते हुए पुलिस ने एक पकड़े गए आरोपी को दीपक ज्वेलर्स दुकान के अंदर बंद कर दिया, ताकि उसकी जान बचाई जा सके। वहीं दूसरा आरोपी भागते-भागते मठिया गांव के पास पकड़ा गया।
तीन साल बाद फिर उसी दुकान को बनाया निशाना
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि इसी दुकान में ठीक तीन साल पहले 23 अप्रैल को भी लूट की घटना हुई थी। एक बार फिर 24 अप्रैल को उसी दुकान को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
भारी पुलिस बल तैनात, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता और भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक रिवॉल्वर और जली बाइक के अवशेष बरामद किए हैं।
3 घंटे में तीन गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और छापेमारी के आधार पर तीन घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अभी भी एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। ग्रामीण आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी है।