Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बिहार के सभी 38 जिलों में एयरपोर्ट विकसित करने की तैयारी, सीएम सम्राट चौधरी ने मांगा प्लान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 24, 2026

BIHAR:बिहार के सभी 38 जिलों में एयरपोर्ट विकसित करने की तैयारी, सीएम सम्राट चौधरी ने मांगा प्लान

बिहार के सभी 38 जिलों में एयरपोर्ट विकसित करने की तैयारी, सीएम सम्राट चौधरी ने मांगा प्लान

पटना: बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के सभी 38 जिलों में हवाई अड्डों के विकास को लेकर अधिकारियों से विस्तृत प्लान तैयार करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने शहरों के दीर्घकालीन विस्तार, यातायात, सफाई व्यवस्था और आधुनिक शहरी विकास योजनाओं पर तेजी से काम करने का निर्देश दिया है।

सभी जिलों में एयरपोर्ट विकास पर जोर

शनिवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सिविल विमानन विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में हवाई अड्डों के विकास की संभावनाओं पर कार्य योजना बनाई जाए। इससे दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा।

बिहार में विकसित होगी एरोसिटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रमुख हवाई अड्डों के आसपास एरोसिटी विकसित की जाएगी। इसके तहत एयरपोर्ट क्षेत्रों में होटल, कमर्शियल कॉम्पलेक्स, लॉजिस्टिक पार्क और पर्यटन आधारित ढांचे तैयार किए जाएंगे।

शहरों का नक्शा होगा डिजिटल

सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरों के विस्तार, यातायात व्यवस्था और सफाई से जुड़े अर्बन नक्शों को डिजिटलाइज कर सार्वजनिक किया जाए, ताकि आम लोगों को भी जानकारी मिल सके।

सांस्कृतिक धरोहरों की होगी ब्रांडिंग

मुख्यमंत्री ने जिला स्तर पर सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों की पहचान कर पर्यटकों तक सरल तरीके से जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत करने को कहा। उन्होंने कहा कि बिहार में हुए विकास कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर ब्रांडिंग की जानी चाहिए।

एआई तकनीक से होगी मॉनिटरिंग

बैठक में मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग रियल टाइम मॉनिटरिंग और प्रशासनिक कार्यों में किया जाए।

अधिकारियों ने दी प्रगति रिपोर्ट

बैठक में नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने 11 सैटेलाइट और ग्रीनफील्ड टाउनशिप के रोडमैप की जानकारी दी। वहीं सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवरे ने पटना और गया से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की दिशा में चल रही कार्रवाई की जानकारी दी।