गयाजी में टाटा सफारी से 259 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो महिलाओं समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गयाजी में शराबबंदी कानून के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बारा पावर ग्रिड के पास एक टाटा सफारी गाड़ी से 259 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने दो महिलाओं सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चार आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनी कुमार (31), पिता स्व. देवन पासवान, निवासी उजियारपुर, समस्तीपुर; सुजीत कुमार (32), पिता स्व. कुलदीप राय, निवासी उजियारपुर, समस्तीपुर; आरती देवी (31), पति संजय चौधरी, निवासी अनजानीपुर, थाना हाजीपुर, वैशाली; तथा मीना देवी (46), पति स्व. महेश राम, निवासी देदपुर, थाना महनार, वैशाली के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करी की सूचना पहले से मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी कर यह सफलता हासिल की गई। बरामद शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और किस स्थान पर पहुंचाने की योजना थी, इसकी जांच की जा रही है।
पूछताछ में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान की जा सके। पुलिस ने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में अवर निरीक्षक पूजा कुमारी, सब-इंस्पेक्टर आलोक कुमार, मध्यनिषेध सिपाही विजय कुमार राय, विकास रंजन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
लोगों से पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।