Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पटना में 20 करोड़ की गोल्ड लूट का खुलासा: यू-ट्यूब से सीखी चाल, नकली कस्टम अफसर बन 14.9 किलो सोना लूटा; 3 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 10, 2026

BIHAR:पटना में 20 करोड़ की गोल्ड लूट का खुलासा: यू-ट्यूब से सीखी चाल, नकली कस्टम अफसर बन 14.9 किलो सोना लूटा; 3 गिरफ्तार

हेडलाइन:
पटना में 20 करोड़ की गोल्ड लूट का खुलासा: यू-ट्यूब से सीखी चाल, नकली कस्टम अफसर बन 14.9 किलो सोना लूटा; 3 गिरफ्तार

खबर:
पटना में कस्टम अधिकारी बनकर स्वर्ण कारोबारी से 14.900 किलोग्राम सोना लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को मेहंदीगंज इलाके से गिरफ्तार किया गया है।

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोना, 9 राउंड गोली और करीब 1.97 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस वारदात में कुल 8 से 9 अपराधी शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए अन्य राज्यों में भी छापेमारी की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि अपराधी पिछले डेढ़ साल से कारोबारी की रेकी कर रहे थे। वे कारोबारी की गतिविधियों को डायरी में नोट करते थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे। घटना को अंजाम देने के बाद उन्होंने डायरी को जला दिया।

इस कांड का मास्टरमाइंड अमरनाथ उर्फ गोपी है, जिसने पूरी साजिश रची। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने यू-ट्यूब देखकर नकली कस्टम अधिकारी बनने की योजना बनाई, ताकि किसी को शक न हो। गुड्डू ने वारदात में इस्तेमाल गाड़ी उपलब्ध कराई थी।

घटना के दिन गुजरात के राजकोट निवासी कारोबारी के स्टाफ को दानापुर के खगौल ओवरब्रिज पर पुलिस का स्टीकर लगी कार और बाइक सवार बदमाशों ने रोका। सफेद शर्ट और खाकी पैंट पहने बदमाशों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर जांच के नाम पर सोने से भरे बैग जब्त किए और फरार हो गए।

लूटे गए 14.900 किलोग्राम सोने की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी नौबतपुर भागे और वहां से ट्रेन के जरिए फरार हो गए थे।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।