हेडलाइन:
सहरसा में छिनतई कांड का खुलासा: मोबाइल व बाइक के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार रंगदारी मांगने का आरोप
खबर:
सहरसा/सोनवर्षाराज के काशनगर थाना क्षेत्र में मक्कड़ी गांव से पांच हजार रुपये व मोबाइल छिनतई मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से छिनतई किया गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोपा पंचायत के मक्कड़ी गांव निवासी रवि कुमार ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। आवेदन में उन्होंने बताया कि बीते गुरुवार दोपहर वह अपने घर के समीप बाइक लगाकर खड़े थे। इसी दौरान पल्सर बाइक (BR 19 X 4599) पर सवार पड़रिया पंचायत के फतेहपुर गांव निवासी गुड्डू कुमार, अगरजीत कुमार और रजनीश कुमार मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि तीनों ने पहले 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की और विरोध करने पर पीड़ित के पॉकेट से मोबाइल और उसके कवर में रखे पांच हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। जाते-जाते आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए रंगदारी की रकम घर पहुंचाने की धमकी भी दी।
काशनगर थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अगरजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक और छिनतई का मोबाइल बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।