बक्सर के स्कूल में गर्मी का कहर, एक साथ 10 छात्र-छात्राएं बेहोश
भीषण गर्मी और लू से स्कूल में मचा हड़कंप, 9 बजे ही कर दी गई छुट्टी
बक्सर। बिहार में बढ़ती गर्मी और लू का असर अब स्कूलों में भी दिखने लगा है। बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड स्थित कनेहरी उच्च विद्यालय में सोमवार को भीषण गर्मी के कारण एक साथ 10 छात्र-छात्राएं बेहोश हो गए, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
चेतना सत्र के बाद बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह बच्चे रोज की तरह स्कूल पहुंचे थे। चेतना सत्र (प्रार्थना) तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन पहली घंटी बजने के बाद जैसे ही छात्र-छात्राएं कक्षाओं में पहुंचे, उमस और तेज गर्मी का असर दिखने लगा।
कुछ ही देर में एक छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा और देखते ही देखते यह संख्या बढ़कर 10 तक पहुंच गई। बच्चों के अचानक गिरने से शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
प्रिंसिपल ने संभाला मोर्चा
स्थिति गंभीर होते देख विद्यालय के प्रिंसिपल अरबिंद कुमार सिंह ने तत्परता दिखाते हुए सभी प्रभावित बच्चों को पंखे के नीचे लिटाया और पानी के छींटे मारकर प्राथमिक उपचार शुरू कराया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। सभी अपने बच्चों की हालत जानने को परेशान दिखे।
9 बजे ही स्कूल की छुट्टी
बढ़ती गर्मी और बच्चों की बिगड़ती हालत को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग के निर्देश पर सुबह 9 बजे ही स्कूल की छुट्टी कर दी गई।
अभिभावकों ने उठाए सवाल
अभिभावकों का कहना है कि जब तापमान 40 डिग्री के पार जा रहा है, तो स्कूलों के समय में बदलाव या छुट्टियों पर पहले से निर्णय क्यों नहीं लिया गया।
हालांकि सभी प्रभावित बच्चों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने गर्मी से बचाव के सरकारी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।