Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ सफल! 90 लोगों को लौटाए खोये मोबाइल, 24 लाख के फोन बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 25, 2026

पूर्णिया पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ सफल! 90 लोगों को लौटाए खोये मोबाइल, 24 लाख के फोन बरामद

पूर्णिया पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ सफल! 90 लोगों को लौटाए खोये मोबाइल, 24 लाख के फोन बरामद

पूर्णिया। शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी स्वीटी सहरावत ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 90 लोगों को उनके खोये हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है।

ये मोबाइल पिछले कुछ महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से या तो चोरी हो गए थे या कहीं गुम हो गए थे। पुलिस की तकनीकी सेल ने ट्रैकिंग के माध्यम से इन्हें सफलतापूर्वक बरामद किया।

एसपी बोलीं- जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाना उद्देश्य

मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान एसपी स्वीटी सहरावत ने कहा कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का मुख्य उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि गुम हुए मोबाइल को खोजना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, लेकिन तकनीकी टीम की सतर्कता और मेहनत से यह संभव हो पाया है। साथ ही लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत थाना में सनहा दर्ज कराएं, ताकि उसे जल्द ट्रैक किया जा सके।

मोबाइल पाकर खिल उठे लोगों के चेहरे

अपने खोये हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि उनका मोबाइल कभी वापस मिलेगा। लाभार्थियों ने पुलिस और एसपी का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल से उनकी मेहनत की कमाई वापस मिल गई।

इन थाना क्षेत्रों से सबसे ज्यादा मोबाइल बरामद

बताया गया कि बरामद मोबाइलों में सबसे अधिक संख्या—

  • सदर थाना क्षेत्र
  • सरसी थाना क्षेत्र
  • कसबा थाना क्षेत्र

से है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

मोबाइल बरामदगी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को एसपी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें शामिल हैं—

  • पुअनि शशि कुमार भगत, अपर थानाध्यक्ष, सदर थाना
  • पुअनि राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष, सरसी थाना
  • पुअनि संजना प्रसाद, अपर थानाध्यक्ष, कसबा थाना

क्या कहती हैं मोबाइल धारक

नेहा कुमारी, बीकोठी ने कहा कि मेरा मोबाइल फरवरी महीने में स्कूल जाते समय गिर गया था। मोबाइल मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस ने उसे वापस कर दिया। इससे बड़ी खुशी क्या हो सकती है।

वहीं नैंसी, पूर्णिया सिटी ने बताया कि उनका मोबाइल पिछले साल जुलाई माह में भगवान जगन्नाथ यात्रा के दौरान खो गया था। एक साल बाद मोबाइल मिलने पर खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान काबिले तारीफ है।

मित्र पुलिस की छवि हो रही मजबूत

पूर्णिया पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे इस अभियान से न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है, बल्कि पुलिस की छवि एक ‘मित्र पुलिस’ के रूप में भी मजबूत हो रही है।